जांजगीर-चांपा: सड़क हादसों पर अंकुश के लिए ब्लैक स्पॉट का संयुक्त निरीक्षण, PWD-RTO को दिए सुधार के निर्देश

जांजगीर-चांपा। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस, लोक निर्माण विभाग (PWD) और परिवहन विभाग (RTO) की संयुक्त टीम ने सोमवार को बलौदा क्षेत्र के दुर्घटनाजन्य एवं ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में की गई।
संयुक्त टीम ने ग्राम बुडगहन, सराईसिंगार, डोंगरी और बलौदा पहारिया सहित दुर्घटनाजन्य स्थलों का निरीक्षण कर सड़क की स्थिति, यातायात व्यवस्था, संकेतकों की उपलब्धता, मोड़ और ब्लैक स्पॉट का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान तेज रफ्तार, यातायात नियमों का उल्लंघन, संकेतकों की कमी, रोड मार्किंग का अभाव, सड़क किनारे अतिक्रमण और खराब सड़क संरचना को दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों के रूप में चिन्हित किया गया। संबंधित विभागों को चेतावनी संकेतक लगाने, स्पीड ब्रेकर बनाने, सड़क मरम्मत, अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।






