जांजगीर: 48 घंटे में बाइक चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, होंडा लिवो बरामद

जांजगीर-चांपा। नैला चौकी पुलिस ने घर के बाहर खड़ी होंडा लिवो बाइक चोरी के मामले का महज 48 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को वीआईपी कॉलोनी निवासी ब्रजेश कुमार पाण्डेय ने अपनी होंडा लिवो (MH-12-QB-0317) चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सकरेली निवासी विनय कुमार सूर्यवंशी उर्फ छोटू (27 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर दादी सती अस्पताल, जांजगीर के पास से चोरी की बाइक बरामद की गई। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त साइकिल भी जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में नैला चौकी पुलिस ने की।






