निर्माणाधीन पुल से 30 फीट नीचे गिरी कार, 4 युवक गंभीर घायल

बिलासपुर। बिलासपुर-उरगा निर्माणाधीन सड़क पर देर रात बड़ा हादसा हो गया। ढेंका के पास अरपा नदी पर बन रहे अधूरे पुल से एक कार करीब 30 फीट नीचे गिर गई, जिससे उसमें सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, CG13AS9262 नंबर की कार में सवार युवक कोरबा से बिलासपुर जा रहे थे। पुल का निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है और आगे सड़क नहीं जुड़ी है। बताया जा रहा है कि इसकी जानकारी नहीं होने के कारण कार सीधे अधूरे पुल से नीचे जा गिरी। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य करते हुए घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद निर्माणाधीन पुल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।






