छत्तीसगढ़

मदननगर हिंसा मामले में बड़ा एक्शन, 150 ग्रामीणों पर FIR दर्ज, SDOP समेत 24 से अधिक पुलिसकर्मी हुए थे घायल

सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मदननगर हिंसा मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 नामजद और 100 से 150 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों पर पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, बलवा और शासकीय कार्य में बाधा डालने समेत कई संगीन आरोप लगाए गए हैं। पुलिस अब सभी आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

5 आरोपियों को पकड़ने गई थी पुलिस टीम

जानकारी के अनुसार, 24 जुलाई को प्रतापपुर थाना पुलिस एक मामले में 5 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मदननगर गांव पहुंची थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पुलिस टीम का विरोध करते हुए लाठी-डंडों, फरसा और टंगिया से हमला कर दिया।

SDOP समेत दो दर्जन से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल

ग्रामीणों के हमले में SDOP सहित 24 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

150 ग्रामीणों पर दर्ज हुई FIR

घटना के बाद पुलिस ने 15 नामजद आरोपियों के साथ 100 से 150 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एफआईआर में पुलिस पर जानलेवा हमला, बलवा, शासकीय कार्य में बाधा सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।

आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि हिंसा में शामिल सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है। वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button