Raipur Cyber Crime: CM के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह के नाम से बनी फर्जी Facebook ID, परिचितों से मांगे जा रहे पैसे

रायपुर। छत्तीसगढ़ में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। इस बार ठगों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रमुख सचिव और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुबोध सिंह के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों से पैसे मांगने की कोशिश की है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है और साइबर पुलिस जांच में जुट गई है।
फर्जी Facebook ID बनाकर लोगों को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, शातिर साइबर ठग ने फेसबुक पर आईएएस अधिकारी सुबोध सिंह के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी प्रोफाइल तैयार की। हैरानी की बात यह है कि आईडी बनने के महज दो घंटे के भीतर ही ठग ने 58 लोगों को फ्रेंड लिस्ट में जोड़ लिया और परिचितों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग शुरू कर दी।
परिचितों से पैसे मांगने का किया प्रयास
फर्जी फेसबुक अकाउंट के जरिए ठग ने खुद को सुबोध सिंह बताकर उनके परिचितों से आर्थिक मदद के नाम पर पैसे मांगने की कोशिश की। कुछ लोगों को जब इस पर संदेह हुआ तो उन्होंने इसकी जानकारी सीधे सुबोध सिंह को दी। इसके बाद फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
आईएएस अधिकारी ने दर्ज कराई शिकायत
मामले की जानकारी मिलते ही आईएएस सुबोध सिंह ने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फर्जी फेसबुक अकाउंट संचालित करने वाले आरोपी की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।
साइबर पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सोशल मीडिया प्रोफाइल से पैसे मांगने का मैसेज मिलने पर पहले संबंधित व्यक्ति से फोन या अन्य माध्यम से पुष्टि जरूर करें। बिना सत्यापन के किसी भी खाते में पैसे ट्रांसफर न करें। साथ ही फर्जी अकाउंट दिखने पर उसे तुरंत रिपोर्ट करें और इसकी सूचना पुलिस या साइबर सेल को दें.





