Janjgir-Champa Crime News: हाईवे पर राहगीरों से लूट करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद की लूट की रकम

जांजगीर-चांपा। जिले के सारागांव थाना पुलिस ने हाईवे पर राहगीरों को रोककर लूटपाट करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट की रकम भी बरामद की है। इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
एनएच-49 पर चाकू की नोक पर की थी लूट
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अशोक लाठिया निवासी खोखरा अपने साथी के साथ 16 जुलाई 2026 को बढ़ई का काम करने के लिए सारागांव आया था। काम खत्म करने के बाद दोनों मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहे थे।
रास्ते में एनएच-49 स्थित अंजली फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के लिए रुके। इसी दौरान कुछ युवक उन्हें घूरते हुए वहां से निकल गए। पेट्रोल पंप से करीब 100 मीटर आगे रात लगभग 7 से 8 बजे के बीच बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया।
आरोपियों ने चाकू जैसे धारदार हथियार से हमला कर दोनों को घायल कर दिया और उनके पास रखे दो मोबाइल फोन व 5 हजार रुपये नकद, कुल करीब 25 हजार रुपये की संपत्ति लूटकर फरार हो गए।
पुलिस ने पहले दो आरोपियों को किया था गिरफ्तार
घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थाना सारागांव पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन और थाना प्रभारी राकेश कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने इस मामले में पहले आरोपी महेन्द्र कुमार धारिया और सूर्यकांत बरेठ, दोनों निवासी डेरागढ़, थाना बाराद्वार, जिला सक्ती को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था।






