कुसमुंडा खदान में फिर हादसा: डंपर पलटने से कर्मचारी की मौत, गुस्साए मजदूरों ने शुरू की हड़ताल

कोरबा, 21 जून। जिले की एसईसीएल कुसमुंडा खदान में लगातार हो रहे हादसों ने कर्मचारियों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। एक ट्रेलर दुर्घटना में ड्राइवर की मौत के बाद शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक और दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें डंपर पलटने से विभागीय कर्मचारी सत्यनारायण की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, 38 वर्षीय सत्यनारायण रात करीब एक बजे खोदरी फेस में 60 टन डंपर से मिट्टी अनलोड कर रहे थे। इसी दौरान डंपर अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में सत्यनारायण गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि मृतक के चार छोटे बच्चे हैं और वह परिवार के एकमात्र कमाने वाले थे।
घटना के बाद गुस्साए खदान कर्मचारियों ने रविवार सुबह काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी। कर्मचारी प्रबंधन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि खदान प्रबंधन और प्रबंधक कैलाशचंद बल लगातार कर्मचारियों पर काम का दबाव बनाते हैं, लेकिन सुरक्षा और समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जाता।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने कई अहम मांगें रखी हैं। उन्होंने लापरवाही के लिए जिम्मेदार प्रबंधक कैलाशचंद बल को तत्काल हटाने की मांग की है। इसके साथ ही मृतक के परिजन को सात दिनों के भीतर अनुकंपा नियुक्ति देने और उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की गई है। कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, हड़ताल जारी रहेगी।
पुलिस जांच शुरू, सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना की सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लगातार हो रहे हादसों ने खदान की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, इस पूरे मामले में अब तक प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।





