जांजगीर-चांपा ब्रेकिंग – आदतन बदमाश के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की अनुशंसा

जांजगीर-चांपा। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आदतन गुंडा बदमाश राकेश यादव के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की अनुशंसा की है। पुलिस ने विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर जिला दंडाधिकारी को भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम केवा निवासी राकेश यादव पिछले करीब 10 वर्षों से अवैध रेती उत्खनन और परिवहन में संलिप्त रहा है। इसके अलावा उस पर लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट, जान से मारने की धमकी, बलवा और शांति भंग जैसे गंभीर मामलों में अपराध दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार उसकी लगातार आपराधिक गतिविधियों के कारण क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ था। जांच में पाया गया कि उसकी गतिविधियां सार्वजनिक शांति और सुरक्षा के लिए खतरा हैं।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ जिला बदर की अनुशंसा की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।






