जैविक खेती कार्यशाला में किसानों से ज्यादा दिखे भाजपा कार्यकर्ता, आयोजन पर उठे सवाल

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा में आयोजित जिला स्तरीय जैविक खेती कार्यशाला अब विवादों में घिर गई है। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को जैविक खेती के प्रति जागरूक करना था, लेकिन आयोजन में किसानों की अपेक्षा भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की अधिक मौजूदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
कार्यक्रम की सामने आई तस्वीरों में देखा जा सकता है कि कुर्सियों पर बैठे अधिकांश लोग भाजपा के गमछे पहने नजर आ रहे हैं। इसके बाद यह चर्चा शुरू हो गई है कि क्या यह कार्यक्रम वास्तव में किसानों के लिए था या फिर इसका राजनीतिक उपयोग किया गया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस कार्यशाला में प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री नत्थू लाल गुप्ता, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और एसपी प्रफुल्ल ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कृषि विभाग की सफाई
वहीं कृषि विभाग के उप संचालक तरुण प्रधान ने सफाई देते हुए कहा कि जिले के चारों ब्लॉक से किसान और जैविक खेती से जुड़े महिला स्व-सहायता समूहों को आमंत्रित किया गया था। उन्होंने दावा किया कि कार्यशाला के माध्यम से किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
बड़ा सवाल बरकरार
हालांकि, अब सवाल यह उठ रहा है कि जब कार्यक्रम किसानों के लिए आयोजित किया गया था, तो उनकी उपस्थिति अपेक्षाकृत कम क्यों रही। क्या यह आयोजन सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गया या फिर इसके पीछे कोई राजनीतिक उद्देश्य था?
फिलहाल यह मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग आयोजन की वास्तविक मंशा पर सवाल उठा रहे हैं।





