छत्तीसगढ़

जांजगीर में स्कूली वाहनों की सघन जांच, 10 चालकों पर कार्रवाई

जांजगीर-चांपा। नए शैक्षणिक सत्र से पहले स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जांजगीर पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से विशेष वाहन जांच शिविर का आयोजन किया। पुलिस लाइन खोखरा भांठा में आयोजित इस शिविर में 89 स्कूल बसों और वैनों की फिटनेस व सुरक्षा मानकों की जांच की गई।

जांच के दौरान 16 बिंदुओं पर वाहनों का भौतिक सत्यापन और तकनीकी निरीक्षण किया गया। साथ ही चालकों के दस्तावेज, लाइसेंस, बीमा और परमिट की जांच की गई। सुरक्षा उपकरणों जैसे सीट बेल्ट, स्पीड गवर्नर, जीपीएस, सीसीटीवी और फर्स्ट एड बॉक्स का भी परीक्षण किया गया।

नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 10 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 7 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चालकों और हेल्परों का नेत्र परीक्षण और स्वास्थ्य जांच भी की। अधिकारियों ने चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के नेतृत्व में की गई।

Related Articles

Back to top button