सक्ती में सनसनी: तीन दिन से लापता 9वीं के छात्र का शव खेत में दफन मिला, एक संदिग्ध हिरासत में

सक्ती, 12 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के परसदाखुर्द गांव में तीन दिन से लापता 9वीं कक्षा के छात्र का शव खेत में गड्ढे में दफन मिला है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान कपिल कुमार केवट (पिता- शौखी कुमार केवट) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, कपिल 8 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो ग्राम सरपंच की ओर से सक्ती थाने में उसकी गुमशुदगी की सूचना दी गई।
परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने शुरुआती स्तर पर गंभीरता नहीं दिखाई, जिससे मामले में देरी हुई। इसी बीच शनिवार को गांव के एक खेत में गड्ढे में दफन छात्र का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में शव को गड्ढे से बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।






