सक्ती में नाबालिग छात्र का कथित अपहरण कर बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल; पुलिस ने दर्ज किया मामला

सक्ती। जिले के अड़भार क्षेत्र में एक नाबालिग छात्र के कथित अपहरण और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, आत्मानंद स्कूल में पढ़ने वाला छात्र सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। आरोप है कि रास्ते में चार मोटरसाइकिलों पर सवार 8 से 9 युवक उसे जबरन अपने साथ शनि मंदिर के पीछे स्थित गौठान ले गए, जहां उसके कपड़े उतरवाकर लात-घूंसों और थप्पड़ों से बेरहमी से मारपीट की गई। इस दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में अधिकांश आरोपियों के नाबालिग होने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों और अन्य तथ्यों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही होगा।






