Uncategorized

रेत माफिया ऑडियो प्रकरण : पारदर्शी जांच होगी या नहीं, बाजार में बना चर्चा का विषय

ओपी राठौर/जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंश और रेत माफिया के बीच कथित लेन-देन का वायरल ऑडियो अब जिलेभर में चर्चा का सबसे बड़ा मुद्दा बन गया है। यह मामला न केवल गांव-गांव में सुर्खियां बटोर रहा है, बल्कि आम जनमानस भी सवाल उठा रहा है कि आखिर इस वायरल ऑडियो की सच्चाई सामने आएगी या नहीं।
वायरल ऑडियो सामने आने के बाद विधायक शेषराज हरबंश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले को साजिश करार दिया है। उन्होंने दावा किया कि यह ऑडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के जरिए तैयार किया गया है और उन्हें बदनाम करने की सोची-समझी रणनीति है। चिंतनीय विषय यह है कि यदि इस तरह के षड्यंत्र एक जनप्रतिनिधि के खिलाफ किए जा सकते हैं, तो आम जनता को निशाना बनाना और भी आसान होगा।
दूसरी ओर, आम लोगों का कहना है कि चाहे यह घटना सच हो या झूठ, इसकी परतें जल्द से जल्द खोली जानी चाहिए। अगर ऑडियो में दर्ज बातचीत वास्तविक साबित होती है तो यह लोकतंत्र के लिए बेहद शर्मनाक विषय होगा। वहीं यदि यह षड्यंत्र साबित होता है, तो भी गंभीर चिंता का विषय है, क्योंकि इस तरह की तकनीकी साजिश किसी भी व्यक्ति को फंसा सकती है।
जनता की मांग है कि मामले पर उच्च स्तरीय पारदर्शी जांच होनी चाहिए, ताकि पूरे प्रकरण की हकीकत सामने आ सके और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जा सके। फिलहाल, यह मुद्दा जिले की राजनीति से लेकर चौक-चौराहों तक चर्चा का सबसे गर्म विषय बना हुआ है।अब सबकी निगाहें प्रशासन और जांच एजेंसियों पर टिकी हैं कि इस वायरल ऑडियो की सच्चाई कब और कैसे सामने आएगी।

Related Articles

Back to top button