छत्तीसगढ़

शर्मनाक वारदात: बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर भाई की बेरहमी से पिटाई, CCTV में कैद घटना

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर से एक शर्मनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बहन से छेड़छाड़ का विरोध करना भाई को भारी पड़ गया। मनचलों ने युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, केदारपुर इलाके में 24 वर्षीय युवती अपने भाई के साथ स्कूटी से दवा लेने जा रही थी। इसी दौरान कुछ बदमाशों ने कथित रूप से युवती को निशाना बनाते हुए उसे गाड़ी से खींचने की कोशिश की और उसके साथ अश्लील हरकत की।

जब भाई ने इस घटना का विरोध किया, तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया और उसे बेरहमी से पीट दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान युवती मदद के लिए चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन आरोपी मौके पर ही दबंगई दिखाते रहे।

पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिससे पुलिस को जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है।

पीड़ित पक्ष की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अतुल ताम्रकार सहित 5 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोगों ने सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Back to top button