रेत तस्करी विवाद में भाजपा नेता की जिंदा जलाकर हत्या, शिक्षक समेत दो की मौत, इलाके में तनाव

कोरिया। जिले में रेत तस्करी के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात में एक शिक्षक की भी इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
यह पूरी घटना सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई गांव की है। जानकारी के अनुसार, भरत सिंह के रिश्तेदार नागेंद्र सिंह के बेटे ने नौगई रेत घाट का ठेका लिया था। इसी को लेकर अवैध रेत खनन और तस्करी के विवाद में भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी के परिवार से लंबे समय से तनाव चल रहा था।
बताया जा रहा है कि देर रात करीब 12 बजे मनोज त्रिपाठी से जुड़े लोगों ने भरत सिंह के घर को घेर लिया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उनकी फॉर्च्यूनर कार के सामने डंपर खड़ा कर रास्ता रोक दिया और कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
कार में उस समय भरत सिंह, उनके भाई, शिक्षक नागेंद्र सिंह, रायपुर निवासी वीरू सिंह सहित एक अन्य व्यक्ति सवार थे। आरोप है कि हमलावरों ने किसी को बाहर निकलने का मौका नहीं दिया, जिससे सभी आग की चपेट में आ गए।
इस भयावह घटना में भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे शिक्षक नागेंद्र सिंह ने अंबिकापुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।






