नई पीढ़ी के सपनों को मिलेगी उड़ान,ओ.डी. दीवान मेमोरियल स्कूल बिर्रा रोड सोंठी का भव्य शुभारंभ 17 जून को ग्लोबल शिक्षा की सोच, स्थानीय संस्कारों की नींव पर बना है विद्यालय

बम्हनीडीह। बदलते दौर में जहां शिक्षा का स्वरूप तेजी से डिजिटल हो रहा है, वहीं विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों और संस्कारों का विकास भी उतना ही आवश्यक है। इसी सोच को साकार करने के उद्देश्य से चांपा एवं बम्हनीडीह के मध्य बिर्रा मार्ग स्थित ग्राम सोंठी में स्थापित ओ.डी. दीवान मेमोरियल स्कूल का भव्य शुभारंभ 17 जून को होने जा रहा है।
अंग्रेजी माध्यम से संचालित यह विद्यालय आधुनिक डिजिटल शिक्षा, स्मार्ट क्लासरूम, तकनीकी ज्ञान एवं भारतीय संस्कृति आधारित संस्कारों के समन्वय के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का केंद्र बनेगा। विद्यालय प्रबंधन का लक्ष्य ग्रामीण एवं अंचल के बच्चों को महानगरों जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि वे शिक्षा, विज्ञान, तकनीक एवं नैतिक मूल्यों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकें।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक शक्ति एवं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद कमलेश जांगड़े करेंगी। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में विधायक बालेश्वर साहू जैजैपुर शेषराज हरबंश विधायक पामगढ़, राघवेंद्र सिंह, विधायक अकलतरा ब्यास कश्यप विधायक जांजगीर चांपा जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया तथा जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद् एवं गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार यहां विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा के साथ अनुशासन, नैतिकता, राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं भारतीय संस्कारों का भी ज्ञान दिया जाएगा। संस्था का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता दिलाना नहीं, बल्कि ऐसे जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है जो समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
विद्यालय परिवार ने क्षेत्र के अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों से उद्घाटन समारोह में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनने की अपील की है।





