जांजगीर-चांपा में डबरी से युवक की लाश मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा थाना क्षेत्र स्थित हनुमान धारा के पास एक डबरीनुमा जलाशय से अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव लगभग दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है, जिसके चलते मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग के बीट गार्ड हनुमान धारा क्षेत्र में नियमित निरीक्षण के दौरान पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर डबरी के पानी में तैर रहे एक शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना चांपा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को पानी से बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। शव काफी पुराना होने के कारण चेहरा पहचानने योग्य नहीं बचा है। मृतक ने काले रंग के कपड़े पहन रखे थे, कमर में भूरे रंग की बेल्ट और गले में दुपट्टे जैसा कपड़ा मिला है। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या कर शव को सुनसान स्थान पर फेंका गया हो सकता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। आसपास के ग्रामीणों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना स्थल के आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि को किसी ने देखा था या नहीं।






