जांजगीर-चांपा : प्रसाद में नशीला पदार्थ देकर महिला से दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बना ब्लैकमेल करने वाला ढोंगी ‘निर्मल बाबा’ गिरफ्तार

जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां खुद को बाबा बताकर लोगों को झांसा देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर महिला को नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 11 अप्रैल 2026 को 42 वर्षीय महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि 26 मार्च को आरोपी ने शारीरिक पीड़ा दूर करने का झांसा देकर उसे “प्रसाद” के रूप में नशीला पदार्थ दिया। इसके बाद तीन दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इस दौरान आरोपी ने महिला के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए।
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मांगे 2 लाख रुपए
आरोप है कि बाद में आरोपी ने इंस्टाग्राम और फेसबुक पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महिला को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उसने पीड़िता से 2 लाख रुपए की मांग की और लगातार धमकी देता रहा।
हिमाचल के जंगल से गिरफ्तार
मामले को गंभीरता से लेते हुए पामगढ़ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। आरोपी खुद को कानून से ऊपर बताता था और पुलिस को चुनौती देता था। 15 अप्रैल को पुलिस टीम रवाना हुई और चार दिनों के भीतर हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के एक जंगल क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जहां वह छिपा हुआ था।





