अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2 आरोपी गिरफ्तार, महुआ और देशी शराब जब्त

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अलग-अलग स्थानों पर की गई इस कार्रवाई में कुल 15 लीटर कच्ची महुआ शराब और 58 पाव देशी प्लेन शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 7,640 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना चांपा और सारागांव पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। चांपा थाना क्षेत्र में आरोपी जितेंद्र साहू (32 वर्ष) निवासी बिरगहनी चौक के कब्जे से 58 पाव देशी शराब जब्त की गई।
इसी तरह दूसरी कार्रवाई में कच्ची महुआ शराब के साथ एक अन्य आरोपी को पकड़ा गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।






