महिला आरक्षण पर सियासी संग्राम: भूपेश बघेल का भाजपा पर हमला, ‘कौशल्या भाभी को बना दीजिए CM’

रायपुर। छत्तीसगढ़ में महिला आरक्षण बिल को लेकर सियासत तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “अगर तकलीफ है तो कौशल्या भाभी को मुख्यमंत्री बना दीजिए।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जन आक्रोश रैली के जरिए जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
बघेल ने कहा कि जनसंघ, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विहिप और भाजपा ने कभी महिलाओं को शीर्ष नेतृत्व में मौका नहीं दिया। उन्होंने दावा किया कि महिलाओं को आरक्षण देने की पहल सबसे पहले राजीव गांधी ने की थी, लेकिन उस समय भाजपा के विरोध के कारण यह कानून पास नहीं हो सका।
उन्होंने पंचायत राज व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि इसके लागू होने के बाद बड़ी संख्या में महिलाएं राजनीति में आईं और आज नेतृत्व की भूमिका निभा रही हैं। बघेल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से महिला आरक्षण की समर्थक रही है। उन्होंने ये बयान अपने निवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिया।
इधर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्ष के रुख की निंदा करते हुए विशेष सत्र बुलाने के संकेत दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, राज्य सरकार एक दिन का विशेष सत्र आयोजित कर निंदा प्रस्ताव ला सकती है।
साथ ही, भारतीय जनता पार्टी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर कांग्रेस के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन की रणनीति बनाई है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ में भी 20 अप्रैल से 27 अप्रैल तक विरोध प्रदर्शन जारी है।






