छत्तीसगढ़

सरकारी गेस्ट हाउस में शराब पार्टी का खुलासा: DSPM प्लांट के 5 अफसर पकड़े गए, मंत्री ने दिए कार्रवाई के निर्देश

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सरकारी गेस्ट हाउस में शराब पार्टी करते हुए DSPM प्लांट (डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी थर्मल पावर स्टेशन) के चीफ केमिस्ट गोवर्धन सिदार समेत 5 अधिकारियों को रंगे हाथों पकड़ा गया है। इस मामले की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें कमरे के अंदर शराब की बोतलें, गिलास और बीयर के कैन साफ दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, यह मामला सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र के सरकारी रेस्ट हाउस का है। शनिवार को पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक कोरबा दौरे पर थे। उनसे मिलने के लिए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत और जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी वीआईपी गेस्ट हाउस पहुंचे थे।

इसी दौरान कार्यकर्ताओं को गेस्ट हाउस के एक कमरे से तेज आवाज और सिगरेट की गंध महसूस हुई। जब उन्होंने जांच की, तो वहां DSPM प्लांट के अधिकारी शराब पार्टी करते मिले। कमरे के अंदर टेबल पर शराब की बोतलें और गिलास रखे थे, वहीं फ्रिज से बीयर की बोतलें और कैन भी बरामद किए गए।

मंत्री ने लिया तत्काल संज्ञान
कार्यकर्ताओं ने तुरंत मंत्री लखनलाल देवांगन को इसकी जानकारी दी। मंत्री ने मौके पर ही कंपनी के एमडी एसके कटियार से फोन पर बात कर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एमडी ने मामले की जांच के आदेश देते हुए दोषी पाए जाने पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी गतिविधियां
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कमरे में सिगरेट का धुआं भरा हुआ था और किचन के फ्रीजर से भी शराब की कई बोतलें बरामद की गईं। बताया जा रहा है कि रेस्ट हाउस में इस तरह की गतिविधियां पहले भी होती रही हैं, जिससे प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Related Articles

Back to top button