बारात में बाजा बजाने को लेकर विवाद, मारपीट में बदला मामला: 4 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पौना में बारात के दौरान बाजा बजाने को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में कई बाराती घायल हो गए, जिनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खोखरा निवासी देवराज बरेठ ने थाना मुलमुला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 अप्रैल 2026 को वह बारात के साथ ग्राम पौना पहुंचे थे। बाराती स्कूल पारा के पास बाजा बजाते हुए नाच-गाना कर रहे थे, तभी गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और बाजा बंद करने को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए बारातियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बीच-बचाव करने पहुंचे मनेश्वर यादव सहित अन्य लोगों पर भी आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान प्रार्थी देवराज बरेठ के सिर पर प्राणघातक हमला किया गया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। वहीं धनंजय यादव की आंख में गंभीर चोट आई है।
घायलों को तत्काल जिला अस्पताल जांजगीर ले जाया गया, जहां से धनंजय यादव की हालत गंभीर होने पर उसे सिम्स अस्पताल बिलासपुर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया और पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में नरेन्द्र उर्फ लालू नंगरा कश्यप (24 वर्ष), सरोज कश्यप (20 वर्ष), विमल कश्यप (22 वर्ष) और संजय कश्यप (27 वर्ष) शामिल हैं, जो सभी ग्राम पौना के निवासी हैं।






