जांजगीर-चांपा पुलिस की सराहनीय पहल: सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों के साथ सम्मेलन आयोजित, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर

जांजगीर-चांपा, 19 अप्रैल। जिले में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने की दिशा में जांजगीर-चांपा पुलिस ने एक अनुकरणीय पहल करते हुए सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मेलन आयोजित किया। पुलिस लाइन जांजगीर में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के कुल 41 सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों ने भाग लिया।
सम्मेलन का आयोजन प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री उदयन बेहार के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान प्रभारी एसपी ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों से आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए उनके अनुभवों और क्षेत्रीय समस्याओं की जानकारी ली।
कार्यक्रम में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इसके साथ ही, सभी सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों को एक मंच पर जोड़ने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने की पहल की गई। इस माध्यम से सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान संभव होगा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जा सकेगा।
सम्मेलन में साइबर अपराध से बचाव और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल युग में सतर्कता बेहद आवश्यक है और जागरूकता ही सुरक्षा का सबसे बड़ा साधन है।
प्रभारी एसपी ने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों का अनुभव विभाग के लिए अमूल्य है और उनके सहयोग से समाज में सुरक्षा और विश्वास को और मजबूत किया जा सकता है।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर श्री उमेश कुमार कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री उदयन बेहार, सीएसपी योगिताबाली खापर्डे, डीएसपी सतरूपा तारम एवं रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





