शराब के लिए पैसे नहीं देने पर ट्रैक्टर चालक से मारपीट, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर चालक से शराब पीने के लिए पैसे मांगकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 31 जनवरी 2026 को ग्राम नवागढ़ के बनाई खार में जोताई करने गए ट्रैक्टर चालक से आरोपी चेतन कोसले (उम्र 38 वर्ष), निवासी साल, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा ने शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। ट्रैक्टर चालक द्वारा पैसे देने से इंकार करने पर आरोपी ने ट्रैक्टर रुकवाकर गंदी-गंदी गालियां दीं, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
इतना ही नहीं, आरोपी ने ट्रैक्टर चालक का मोबाइल फोन फेंककर तोड़ दिया। घटना की सूचना पर थाना नवागढ़ में आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना नवागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चेतन कोसले को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा जुर्म स्वीकार किए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक कमलेश सेंडे, थाना प्रभारी नवागढ़ का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।






