छत्तीसगढ़

रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 840 उपनिरीक्षकों को सौंपे नियुक्ति पत्र, महिला सुरक्षा और साइबर क्राइम पर दिया जोर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी में आयोजित कार्यक्रम में 840 चयनित उपनिरीक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल की क्षमता और कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

समाज में सुरक्षा और विश्वास का माहौल जरूरी – मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पुलिस का कार्य केवल अपराधियों को पकड़ना ही नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा और विश्वास का माहौल निर्मित करना भी है। उन्होंने नव नियुक्त अधिकारियों से अपील की कि वे कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर क्राइम, महिला सुरक्षा और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है। तकनीकी संसाधनों के उपयोग से पुलिस बल को अधिक दक्ष और आधुनिक बनाया जा रहा है।

नए महिला थानों का उद्घाटन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जशपुर, रायगढ़, जगदलपुर और दंतेवाड़ा में नए महिला थानों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इन थानों के माध्यम से महिलाओं को अधिक सुरक्षित वातावरण और त्वरित न्याय उपलब्ध कराया जाएगा।

पुलिस बल को और सशक्त बनाने की योजना

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार पुलिस बल को आधुनिक बनाने के लिए नई योजनाओं पर काम कर रही है। इन योजनाओं में तकनीकी उन्नयन, आधुनिक हथियारों की आपूर्ति और प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button