छत्तीसगढ़
जांजगीर: डीपीएस लछनपुर में सड़क सुरक्षा माह पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

जांजगीर-चांपा। 36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2025 के तहत जांजगीर के दिल्ली पब्लिक स्कूल, लछनपुर में यातायात पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों और शिक्षकों को सड़क सुरक्षा नियमों के महत्व के बारे में बताया गया और उन्हें नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला (आईपीएस) के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाली जान-माल की हानि पर चर्चा की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाकर सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना था।
इस दौरान छात्रों के बीच रंगोली, ड्रॉइंग और पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने सड़क सुरक्षा को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया।






