छत्तीसगढ़

दो पक्षों में हिंसक झड़प, लाठी-पत्थर चले; CSP समेत 5 घायल, VIDEO वायरल

भिलाई। शहर के सोनकर मोहल्ले में सोमवार देर रात दो पक्षों के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बच्चों के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते बड़ों तक पहुंच गई और मामला मारपीट व पथराव में बदल गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार दोनों पक्ष एक ही मोहल्ले में रहते हैं। रात में बच्चों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इस दौरान जमकर मारपीट हुई और एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया गया।

पुलिस पर भी पथराव, CSP समेत 5 घायल

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पत्थरबाजी में छावनी CSP समेत 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया और इलाके में लगातार गश्त की जा रही है।

लव अफेयर का एंगल भी सामने आया

विवाद के पीछे पुरानी रंजिश और लव अफेयर का मामला भी सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले एक युवक युवती को लेकर भाग गया था, जिसके बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ और उसे जेल जाना पड़ा। उसी रंजिश में झड़प की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

इलाके में तनाव, पुलिस सतर्क

घटना के बाद दुर्ग, भिलाई और छावनी के सीएसपी सहित एडिशनल एसपी (शहर व ग्रामीण) देर रात तक मौके पर मौजूद रहे। कई थाना प्रभारियों को भी बुलाया गया। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

Related Articles

Back to top button