छत्तीसगढ़

दर्दनाक हादसा: खेत में बिछे करंट वाले तार की चपेट में आए पिता-पुत्र, दोनों की मौत

कवर्धा। कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बीरनपुर कला में गुरुवार सुबह जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए लगाए गए अवैध विद्युत झटका तार (इलेक्ट्रिक फेंसिंग) की चपेट में आने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान गोकरण पटेल (55) और उनके पुत्र परमेश पटेल (22) के रूप में हुई है। दोनों सुबह धान की बुआई के लिए खेत पहुंचे थे। खेत के चारों ओर जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए अवैध रूप से बिजली का झटका देने वाला तार लगाया गया था।

बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण खेत में पानी भरा हुआ था, जिससे करंट का खतरा और बढ़ गया था। इसी दौरान परमेश पटेल करंट की चपेट में आ गए। बेटे को बचाने के प्रयास में पिता गोकरण पटेल भी करंट की चपेट में आ गए। जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचते, तब तक दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में अवैध विद्युत फेंसिंग को हादसे का कारण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button