छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा : स्कूल में आपत्तिजनक वीडियो वायरल: शिक्षक-शिक्षिका निलंबित, शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई

जांजगीर-चांपा। जिले के एक शासकीय स्कूल के शिक्षक और शिक्षिका का कथित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभागीय जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने यह कार्रवाई कलेक्टर के निर्देश पर की।

जानकारी के अनुसार, नवागढ़ विकासखंड के ग्राम बोड़सरा स्थित शासकीय स्कूल का एक कथित वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में शिक्षक और शिक्षिका स्कूल परिसर के एक कमरे में आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई देने का दावा किया गया। मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए।

जांच के दौरान विद्यालय के स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों के बयान लिए गए। शिक्षा विभाग के अनुसार प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर दोनों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों के उल्लंघन का मामला मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई।

जारी आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में संबंधित शिक्षक का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, नवागढ़ तथा शिक्षिका का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, अकलतरा निर्धारित किया गया है। विभाग ने मामले की विस्तृत जांच जारी रहने की जानकारी दी है।

Related Articles

Back to top button