नकटी गांव विवाद: मंत्री ओपी चौधरी के बंगले के बाहर ग्रामीणों का धरना जारी, पुनर्वास की मांग तेज

रायपुर। नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई और विस्थापन को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। प्रभावित ग्रामीणों ने सोमवार को मंत्री ओपी चौधरी के शंकर नगर स्थित सरकारी बंगले के बाहर धरना प्रदर्शन किया। देर शाम तक बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे धरने पर डटे रहे तथा पुनर्वास की मांग करते रहे।
प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें पर्याप्त पुनर्वास की व्यवस्था किए बिना उनके घरों से हटाया गयाA, जिसके कारण कई परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। प्रदर्शनकारियों ने वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
इस बीच सोशल मीडिया पर विधानसभा की एक बैठक से जुड़ा एक कथित वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें नकटी गांव को लेकर चर्चा होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है तथा पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है। नकटी गांव का मामला अब राजनीतिक रूप भी लेता जा रहा है।






