छत्तीसगढ़

सक्ती में 13 वर्षीय बालक की अंधी हत्या का 40 घंटे में खुलासा, पुरानी रंजिश में युवक ने की थी हत्या

सक्ती। सक्ती पुलिस ने 13 वर्षीय बालक कपिल कुमार केंवट की अंधी हत्या के सनसनीखेज मामले का महज 40 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में परसदा खुर्द निवासी 22 वर्षीय हेमंत कुमार केंवट को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते मासूम की हत्या कर शव को खेत में दफना दिया था।

पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई की रात आरोपी हेमंत कुमार, कपिल कुमार को चोरी का लोहा बेचकर पैसे दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गया। दोनों बोर घर पहुंचे, जहां आरोपी ने गला दबाकर बालक की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को छिपाने के लिए खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया तथा पहचान छिपाने की नीयत से मृतक के कपड़ों को दूसरे खेत में फेंक दिया।

बालक के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी से पूछताछ की गई, लेकिन वह लगातार अपने बयान बदलकर पुलिस को गुमराह करता रहा। पुलिस ने मनोवैज्ञानिक तरीके से गहन पूछताछ की, जिसके बाद आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर कार्यपालिक दंडाधिकारी, चिकित्सकीय दल और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मौजूदगी में खेत में खुदाई कर शव बरामद किया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रापा (धारदार हथियार) तथा मृतक के कपड़े भी जब्त कर लिए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि करीब छह से सात महीने पहले हुए एक विवाद की जानकारी कपिल द्वारा अन्य लोगों को बताए जाने से आरोपी उससे नाराज था। इसी पुरानी रंजिश के चलते उसने हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button