Chhattisgarh Weather: गहरे अवदाब का असर, छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश; अगले 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट

Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। गहरे अवदाब के प्रभाव से प्रदेश के कई इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश दर्ज की गई है। मंगलवार को चांपा में सबसे ज्यादा 11 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में भी जमकर बादल बरसे।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले दो दिनों तक अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है। लगातार बारिश के बावजूद प्रदेश में अब तक मौसमी वर्षा सामान्य से 18 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।
चांपा में सबसे ज्यादा 11 सेमी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान चांपा में सर्वाधिक 11 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा जांजगीर और अकलतरा में 9-9 सेंटीमीटर बारिश हुई।
वहीं नगरी, मैनपुर, गुरूर, राधम और पिथौरा में करीब 8-8 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के कारण कई इलाकों में मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
रायपुर में देर रात तक बरसे बादल
राजधानी रायपुर में भी सोमवार देर रात तक बारिश का दौर जारी रहा। पिछले 24 घंटे में रायपुर में करीब 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद शहर के मौसम में ठंडक घुल गई।
मौसम विभाग ने 29 जुलाई को रायपुर में आसमान के मेघमय रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
गहरे अवदाब से बिगड़ा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के मुताबिक, वर्तमान में एक गहरा अवदाब उत्तर तटीय ओडिशा और उससे लगे गंगेटिक पश्चिम बंगाल के ऊपर सक्रिय है। यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है।
इसके अगले 24 घंटे में उत्तर ओडिशा, दक्षिण झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर पहुंचने की संभावना है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती हैं।
मानसून द्रोणिका भी सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून द्रोणिका मध्य समुद्र तल पर अनूपगढ़, पिलानी, हमीरपुर, डाल्टनगंज, गहरे अवदाब के केंद्र और उसके बाद दक्षिण-पूर्व दिशा में उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है।






