छत्तीसगढ़

Raipur Robbery: तलवार से हमला कर 1 करोड़ की लूट, सराफा मैनेजर गंभीर

रायपुर। राजधानी में एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है, जहां सराफा कारोबारी के कर्मचारी से करीब 1 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए गए। बाइक सवार बदमाशों ने तलवार से हमला कर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। घायल कर्मचारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

तलवार से हमला कर छीना जेवरात से भरा बैग

मामला खरोरा थाना क्षेत्र का है। पीड़ित टीकाराम शर्मा ‘महावीर ज्वैलर्स’ में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। मंगलवार शाम वह एक ब्रांच से जेवरात लेकर दूसरी ब्रांच जा रहे थे। इसी दौरान तिल्दाडीह मोड़ के पास आंधी-बारिश के कारण वे रुक गए।

जैसे ही मौसम थोड़ा सामान्य हुआ और वे आगे बढ़े, तभी बाइक सवार 2-3 बदमाशों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने तलवार से उनके सिर पर वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद बदमाश उनके पास मौजूद सोने-चांदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।

पहले से रची गई साजिश की आशंका

प्रारंभिक जांच में यह वारदात पूरी तरह सुनियोजित लग रही है। पुलिस का मानना है कि बदमाशों को पीड़ित के रूट और समय की पहले से जानकारी थी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इलाके में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

अस्पताल में भर्ती, हालत नाजुक

हमले में घायल टीकाराम शर्मा को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

जल्द गिरफ्तारी का दावा

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली जाएगी और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मामले की हर पहलू से जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button