पामगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सट्टा खेलाते आरोपी को रंगे हाथों दबोचा

पामगढ़ (जांजगीर-चाम्पा)। जिले में जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पामगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सट्टा खेला रहे आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से सट्टा पट्टी, पेन और नगद ₹3,350 जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
घर के सामने चला रहा था सट्टे का खेल
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप व डीएसपी जितेंद्र खूंटे के मार्गदर्शन में थाना पामगढ़ पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चंडीपारा वार्ड क्रमांक 06 निवासी रामसरकर कश्यप (52 वर्ष) अपने घर के सामने खुलेआम सट्टा खेला रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उप-निरीक्षक मनोहर लाल सिन्हा के नेतृत्व में टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।






