सड़क हादसों पर रोक के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस की पहल, ट्रक-ट्रेलरों पर लगाई गई रेडियम पट्टियां

जांजगीर-चांपा। सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलने वाले ट्रक और ट्रेलरों में रेडियम (रिफ्लेक्टिव) पट्टियां लगाने का अभियान चलाया। यह पहल पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत की गई।
शनिवार देर शाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के मार्गदर्शन तथा सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में अकलतरा, चांपा और सारागांव क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक एवं ट्रेलरों में रेडियम पट्टियां लगाई गईं।
पुलिस के अनुसार, रेडियम पट्टियों का उद्देश्य रात, कोहरे, बारिश या कम रोशनी के दौरान भारी वाहनों को दूर से स्पष्ट रूप से दिखाई देना है। इससे अन्य वाहन चालक समय रहते वाहन की स्थिति और आकार का सही अनुमान लगा सकेंगे, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और अपने वाहनों में रिफ्लेक्टिव सामग्री का उपयोग करने की अपील की है, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।






