छत्तीसगढ़

NH पर लापरवाही से वाहन खड़े करने वाले 15 ट्रेलर चालकों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वाहन जब्त

जांजगीर-चांपा। सड़क सुरक्षा को लेकर जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर लापरवाहीपूर्वक भारी वाहन खड़े करने वाले 15 ट्रेलर चालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी ट्रेलर जब्त कर चालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देश पर चलाए गए तीन दिवसीय विशेष अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में अकलतरा, जांजगीर और चांपा थाना क्षेत्रों के राष्ट्रीय राजमार्गों पर जांच की गई। इस दौरान कई ट्रेलर बिना संकेतक, रिफ्लेक्टर और वैध कारण के सड़क किनारे खड़े पाए गए, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।

पुलिस ने सभी चालकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। साथ ही वाहन चालकों से अपील की है कि राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर बिना कारण वाहन खड़ा न करें तथा पार्किंग लाइट, रिफ्लेक्टर और वार्निंग ट्रायंगल का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button