जांजगीर-चांपा: वन भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंचा वन विभाग, 3 मकान ढहाए, 15 को नोटिस

जांजगीर-चांपा। जिले में वन विभाग ने शनिवार को वन भूमि पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए जेसीबी से तीन अवैध मकानों को ध्वस्त कर दिया। डीएफओ के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के दौरान 15 अन्य मकानों को भी नोटिस जारी कर जल्द जगह खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्रवाई के विरोध में स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि उन्हें मकान खाली करने का पर्याप्त समय नहीं दिया गया। सूचना मिलने पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और कलेक्टर से कार्रवाई रोकने की मांग की। इसके बाद कलेक्टर के निर्देश पर चांपा एसडीएम पवन कोसमा ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई फिलहाल रोकने के निर्देश दिए।
मकान टूटने से प्रभावित परिवारों ने रहने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है। वहीं, कांग्रेस और भाजपा दोनों ने वन विभाग की कार्रवाई का विरोध करते हुए प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की मांग की है।






