छत्तीसगढ़

अस्पताल में हिंदूवादी नेता का हंगामा, गार्ड का कॉलर पकड़कर की मारपीट

Bilaspur के सिम्स अस्पताल में NICU वार्ड के बाहर हिंदूवादी संगठन के नेता राम सिंह ठाकुर और सिक्योरिटी गार्ड के बीच जमकर विवाद हो गया। गार्ड द्वारा रोकने पर नेता भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए उसका कॉलर पकड़कर हाथापाई करने लगे। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि घटना उस समय हुई जब NICU वार्ड के बाहर सफाई का काम चल रहा था और फर्श पर पोंछा लगाया जा रहा था। गार्ड मनीष कश्यप ने राम सिंह ठाकुर को कुछ देर रुकने के लिए कहा। आरोप है कि इसी बात पर वह नाराज हो गए और गार्ड के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

वायरल वीडियो में राम सिंह ठाकुर गुस्से में चिल्लाते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह कहते दिखाई दे रहे हैं कि “तुम्हारे दो बाप के साथ आऊंगा, फिर डीन को बुलाऊंगा, स्वास्थ्य मंत्री को भी बुलाऊंगा… सबका हिसाब कर देंगे।” इस दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

गार्ड मनीष कश्यप का कहना है कि मारपीट और झूमाझटकी के दौरान उसके गले की चेन और लॉकेट भी टूट गया। वहीं राम सिंह ठाकुर ने सफाई देते हुए कहा कि गार्ड ने आम लोगों से गलत तरीके से बात की थी। उनका कहना है कि अगर विनम्रता से मना किया जाता तो विवाद की स्थिति नहीं बनती।

घटना के दौरान मौजूद नर्सिंग स्टाफ और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की। इसके बावजूद काफी देर तक बहस और हंगामा चलता रहा।

मामले को लेकर सिम्स प्रबंधन ने जांच के निर्देश दिए हैं। सिम्स के एमएस डॉ. लखन सिंह ने कहा कि अस्पताल परिसर में किसी भी तरह की गाली-गलौज, हंगामा और मारपीट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोनों पक्षों से बातचीत कर जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button