जांजगीर-चांपा : शराब पीने से मना करना पड़ा भारी, लाठी-डंडे से पीटकर युवक की हत्या

जांजगीर-चांपा जिले में एक और हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई है। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में शराब पीने से मना करने पर एक व्यक्ति की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान मोहन महिपाल (45) के रूप में हुई है, जो तनौद गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि शराब पीने को लेकर उसका किसी व्यक्ति से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने मोहन महिपाल पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल मोहन महिपाल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर जल्द ही मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।






