हाथियों का आतंक: दो अलग-अलग हमलों में महिला समेत 2 लोगों की मौत, वन विभाग की गाड़ी पर भी किया हमला

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को हाथियों के हमले की दो अलग-अलग घटनाओं में महिला समेत दो ग्रामीणों की मौत हो गई। हाथी के बस्ती में घुसने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। वहीं, वन विभाग की टीम पर भी हाथी ने हमला कर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
बस्ती में घुसे हाथी ने महिला को कुचला
पहली घटना कापू वन परिक्षेत्र के ग्राम तालगांव की है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे एक हाथी गांव की बस्ती में घुस आया। हाथी को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
इसी दौरान जान बचाने के लिए घर से बाहर भाग रही शकुंतला बाई (37) पर हाथी ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल कापू अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के दौरान महिला की मासूम बच्ची अपनी मां से लिपटकर रोती हुई नजर आई। इस हृदयविदारक दृश्य ने मौके पर मौजूद लोगों को भावुक कर दिया।
वन विभाग की गाड़ी को हाथी ने मारी टक्कर
हाथी के गांव में पहुंचने की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान हाथी अचानक आक्रामक हो गया और उसने वन विभाग की गाड़ी को अपनी सूंड और सिर से धक्का मार दिया।
हाथी के हमले से वन विभाग का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हाथी वाहन को नुकसान पहुंचाता नजर आ रहा है।
शौच के लिए निकले ग्रामीण की भी मौत
हाथी हमले की दूसरी घटना छाल वन परिक्षेत्र के ग्राम औरानारा की है। यहां गांव निवासी बंधन अगरिया (50) सुबह शौच के लिए घर से निकले थे।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान उनका सामना बस्ती के पास मौजूद हाथी से हो गया। हाथी के काफी करीब पहुंच जाने के बाद उसने ग्रामीण पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वन विभाग ने शुरू की कार्रवाई
दोनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। विभाग ने मृतकों के शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा है और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।






