छत्तीसगढ़

रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेल गतिविधियों पर रोक, NGT का बड़ा आदेश; जल संरक्षण नियमों की अनदेखी पड़ी भारी

रायपुर। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने जल संरक्षण और भूजल उपयोग से जुड़े मामले में सख्त रुख अपनाते हुए रायपुर समेत देश के तीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियमों में खेल गतिविधियों पर अंतरिम रोक लगा दी है। एनजीटी के आदेश के बाद रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मुंबई के डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम और जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में अगली अनुमति तक कोई भी खेल आयोजन नहीं हो सकेगा।

एनजीटी ने स्पष्ट किया है कि इन स्टेडियमों में खेल गतिविधियां तभी शुरू हो सकेंगी, जब अधिकरण की अनुमति प्राप्त होगी। मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त को निर्धारित की गई है।

नोटिस का जवाब नहीं देने पर हुई कार्रवाई

एनजीटी के अनुसार, केंद्रीय भूजल प्राधिकरण (CGWA) और अधिकरण की ओर से संबंधित स्टेडियमों को कई बार नोटिस जारी कर भूजल उपयोग, जल संरक्षण और जल प्रबंधन व्यवस्था की जानकारी मांगी गई थी। इसके बावजूद रायपुर, मुंबई और जयपुर के स्टेडियमों ने निर्धारित समय में अपना जवाब दाखिल नहीं किया।

इसी को गंभीर मानते हुए अधिकरण ने अंतरिम प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया।

जल संरक्षण को लेकर जताई नाराजगी

एनजीटी ने कहा कि देश के कई हिस्सों में गंभीर जल संकट बना हुआ है। ऐसे में बड़े खेल परिसरों की जिम्मेदारी है कि वे भूजल के विवेकपूर्ण उपयोग, वर्षा जल संचयन (Rainwater Harvesting) और पानी के पुनर्चक्रण (Water Recycling) जैसी व्यवस्थाओं का प्रभावी पालन करें।

अधिकरण ने संबंधित स्टेडियमों में इन व्यवस्थाओं के पर्याप्त रूप से विकसित नहीं होने पर भी नाराजगी व्यक्त की है।

अप्रैल में मांगी गई थी जानकारी

गौरतलब है कि अप्रैल में एनजीटी ने देश के छह प्रमुख क्रिकेट स्टेडियमों से मैदान और पिच के रखरखाव में उपयोग किए जाने वाले पानी के स्रोत तथा जल प्रबंधन प्रणाली की विस्तृत जानकारी मांगी थी।

Related Articles

Back to top button