CG NEWS : स्पा संचालक से वसूली मामले में घिरे ASP राजेंद्र जायसवाल, गृहमंत्री विजय शर्मा ने दिए सस्पेंड करने के निर्देश

स्पा संचालक ने गोपनीय तरीके से बनाया वीडियो
पूरा मामला बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहाँ एक स्पा संचालक ने एडिशनल एसपी पर अवैध वसूली का आरोप लगाया है। संचालक का दावा है कि राजेंद्र जायसवाल स्पा संचालन के बदले मोटी रकम की मांग करते थे। संचालक ने आरोप लगाया कि पैसे नहीं देने पर उन्हें दफ्तर बुलाकर धमकाया गया, जिसकी उन्होंने अपने डिवाइस से गोपनीय रिकॉर्डिंग कर ली। वायरल वीडियो में कथित तौर पर लेनदेन और दबाव बनाने की बातें सुनाई दे रही हैं।
“पैसे नहीं दिए तो पड़वा दूंगा छापा”
शिकायतकर्ता ने पुलिस महानिरीक्षक (IG) को सौंपी अपनी लिखित शिकायत में बताया कि एएसपी द्वारा उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। संचालक के अनुसार, अधिकारी ने धमकी दी थी कि यदि ‘मंथली’ नहीं दी गई, तो स्पा पर फर्जी छापेमारी कर उसे बंद करवा दिया जाएगा। इस शिकायत के साथ ही ऑडियो और वीडियो साक्ष्य भी पेश किए गए हैं।
“पुलिस का काम सुरक्षा देना है, वसूली करना नहीं। एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल की इस हरकत को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्हें जल्द ही सस्पेंड किया जाएगा और मामले की निष्पक्ष जांच होगी।”
— विजय शर्मा, गृहमंत्री, छत्तीसगढ़
IG ने SSP बिलासपुर को सौंपी जांच
मामले के तूल पकड़ते ही बिलासपुर रेंज के आईजी ने त्वरित कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP), बिलासपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वायरल वीडियो, व्हाट्सएप चैट और ऑडियो क्लिप की सत्यता की जांच कर 7 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज
राजेंद्र जायसवाल बिलासपुर में लंबे समय तक पदस्थ रहे हैं और वर्तमान में GPM जिले की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। एक राजपत्रित अधिकारी (Gazetted Officer) पर इस तरह के खुले भ्रष्टाचार के आरोप लगने से पुलिस की छवि पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल, विभाग अधिसूचना जारी होने और जांच रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहा है।






