जांजगीर-चांपा

बिजली बिल बकाया पर बड़ा अभियान: सारागांव उपसंभाग में मास डिस्कनेक्शन, 10 टीमें मैदान में

ओपी राठौर/जांजगीर चांपा। अधीक्षण अभियंता जांजगीर के निर्देशों के परिपालन में दिनांक 26 दिसंबर 2025 को चांपा संभाग अंतर्गत सारागांव उपसंभाग में संभाग-स्तरीय मास डिस्कनेक्शन अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य लंबे समय से विद्युत बिल बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं से वसूली सुनिश्चित करना एवं विद्युत राजस्व में वृद्धि करना रहा।
इस विशेष अभियान के तहत संभाग के सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंताओं के साथ कुल 10 टीमों का गठन किया गया। अभियान में कुल 194 बकायादार उपभोक्ताओं की सूची शामिल की गई, जिन पर कुल 63.08 लाख रुपये की बकाया राशि थी।
कार्रवाई के दौरान नियमों के तहत कुल 61 उपभोक्ताओं का विद्युत कनेक्शन विच्छेदित किया गया, जिन पर 31.82 लाख रुपये का बकाया था। वहीं, अभियान का सकारात्मक असर भी देखने को मिला, जहां कुल 50 उपभोक्ताओं से 7.33 लाख रुपये की बकाया राशि की वसूली की गई।
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि बकायादार उपभोक्ताओं से समय पर राजस्व की वसूली हो सके और विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जा सके। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर विद्युत बिल का भुगतान करें, जिससे कठोर कार्रवाई से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button