सारागांव में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई, 6 लोगों पर होगी FIR

सारागांव / बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज बिजली विभाग ने सारागांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को चोरी करते रंगे हाथों पकड़ा। यह अभियान विभाग के एस ई अमर चौधरी एवं ई ई अजय भारद्वाज के निर्देश पर चलाया गया। बिजली विभाग के ए ई अंकित सोनी ने बताया कि विभागीय टीम द्वारा की गई जांच में सामने आया कि संबंधित उपभोक्ता स्मार्ट मीटर से पहले सर्विस वायर को काटकर सीधे बिजली आपूर्ति ले रहे थे। इस अवैध कनेक्शन के माध्यम से लंबे समय से बिजली चोरी की जा रही थी, जिससे विभाग को आर्थिक नुकसान हो रहा था।
कार्रवाई के दौरान सभी 6 उपभोक्ताओं के खिलाफ पंचनामा तैयार कर लिया गया है। विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित आरोपियों के खिलाफ थाना सारागांव में FIR दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बिजली विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिजली चोरी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी इसी प्रकार की सघन जांच व कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।






