**जांजगीर-चाम्पा: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 जुआरियों को गिरफ्तार, 1.28 लाख की संपत्ति जब्त**

जांजगीर-चाम्पा। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में 6 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से नगदी, ताश के पत्ते, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल समेत कुल 1,28,500 रुपये की संपत्ति बरामद की गई।
इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक श्री विवेक शुक्ला (IPS) के निर्देशन में अंजाम दिया गया। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 1 अक्टूबर 2024 को ग्राम पोडीदल्हा में घेराबंदी कर रेड डाली। मौके पर आरोपी ताश के पत्तों से हार-जीत का जुआ खेल रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में कृष्ण कुमार धीवर (30), लोमस बरेठ (40), सुजल कुमार दुबे (20), सूरज पाठक (34), उत्तम कुमार कुर्रे (47), और सुंदर नर्मदा (50) शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से 21,500 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, 22,000 रुपये मूल्य के 5 मोबाइल फोन और 85,000 रुपये की तीन मोटरसाइकिल जब्त कीं। कुल मिलाकर 1.28 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को जमानत मुचलका पर रिहा कर दिया गया।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राजेंद्र कुमार जायसवाल के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुर्रे के नेतृत्व में निरीक्षक मणिकांत पांडे, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक पारस पटेल और अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम के सदस्यों में सउनि विवेक कुमार सिंह, प्रआर मनोज तिग्गा, आरक्षक प्रदीप दुबे, गिरीश कश्यप, मोहम्मद शहबाज, रोहित कहरा और अर्जुन यादव शामिल थे, जिनका योगदान सराहनीय रहा।
पुलिस की इस कार्रवाई ने क्षेत्र में जुआरियों के खिलाफ एक कड़ा संदेश दिया है, और भविष्य में ऐसे अपराधों पर अंकुश लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।






