छत्तीसगढ़

*जांजगीर-चांपा: शासकीय पट्टे की भूमि पर फैक्ट्री संचालन, कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश*

जांजगीर-चांपा।  शासन द्वारा कृषि प्रयोजन के लिए दिए गए शासकीय पट्टे की भूमि पर धान की फसल उगाने के बजाय फैक्ट्री का संचालन किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले की शिकायत जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 13 की सदस्य उमा राजेन्द्र राठौर द्वारा की गई, जिसके बाद कलेक्टर आकाश छिकारा ने चाम्पा के एसडीएम को जांच के निर्देश जारी किए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चाम्पा तहसील के ग्राम पंचायत सिवनी के भदरा गांव में घासीराम बरेठ नामक किसान को कृषि कार्यों के लिए शासकीय भूमि पट्टे पर दी गई थी। घासीराम की मृत्यु के बाद, उनके परिजनों से साठगांठ करके इस शासकीय भूमि को खरीदा गया, और इसके बाद वहां धान की फसल के बजाय एक फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि शासकीय पट्टे की भूमि की खरीदी-बिक्री का कोई कानूनी प्रावधान नहीं है, इसके बावजूद जमीन की रजिस्ट्री की गई, जो जांच का विषय है। इस मामले को जिला पंचायत सदस्य उमा राठौर ने उठाया और कलेक्टर से कार्रवाई की मांग की।

कलेक्टर आकाश छिकारा ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए चाम्पा एसडीएम को त्वरित जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अब देखना यह होगा कि इस मामले में प्रशासन किस प्रकार की कार्रवाई करता है और शासकीय भूमि के दुरुपयोग को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।

यह मामला न केवल कृषि भूमि के दुरुपयोग का है, बल्कि शासन के निर्देशों की अवहेलना भी दर्शाता है, जो भूमि सुधार और किसान हितों के लिए बनाए गए कानूनों के खिलाफ है।

Related Articles

Back to top button