पुलिस पार्टी पर फायरिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने भेजा जेल

जांजगीर–चांपा। पुलिस पार्टी पर फायरिंग करने वाले फरार आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी को पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगी थी, जिसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा था। स्वास्थ्य ठीक होने पर उसे गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी का नाम रामनाथ सबरिया (22 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 01, राहोद, थाना शिवरीनारायण बताया गया है। आरोपी थाना शिवरीनारायण के अपराध क्रमांक 44/2026 एवं 46/2026 में फरार था। सूचना के आधार पर 1 फरवरी की देर रात पुलिस टीम ग्राम बोड़सरा पहुंची, जहां आरोपी ने सरेंडर करने के बजाय पुलिस पर देशी कट्टे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे काबू में किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर 03 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में कोतवाली एवं शिवरीनारायण पुलिस की संयुक्त टीम का विशेष योगदान रहा।






