कोरबा में नशे में धुत कार चालक ने मचाया मौत का तांडव – भीषण हिट एंड रन हादसे में 2 की जान गई, 3 जिंदगी और मौत से जूझ रहे!

कोरबा। गुरुवार की रात शहर की सड़कों पर रफ्तार और नशे ने मिलकर इंसानियत को शर्मसार कर दिया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शराब के नशे में धुत्त एक युवक ने तेज रफ्तार स्विफ्ट कार से ऐसा कहर बरपाया कि देखते ही देखते चीख-पुकार मच गई।
करीब रात 10 बजे, बालको से बुधवारी की ओर आ रही कार क्रमांक CG 12 BE 2806 ने पहले दो बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मारी। हादसे के बाद भी चालक नहीं रुका, बल्कि कार भगाते हुए आगे बढ़ गया और एक साइकिल सवार को कुचल दिया। इसके बाद सामने से आ रही एक और बाइक को चपेट में लेकर कार ने मौत का खेल जारी रखा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के दौरान एक मासूम बच्ची बाइक से उछलकर दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। सड़क पर खून से सने लोग मदद के लिए तड़पते रहे, लेकिन आरोपी राहुल यादव कार समेत करीब 100 मीटर तक बाइक को घसीटते हुए ले गया। कार के सामने का हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और बाइक उसमें फंस गई।
घटना की खबर मिलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने आरोपी कार चालक को घेरकर पुलिस के सामने ही जमकर पीटा। भीड़ का गुस्सा इतना ज्यादा था कि जब पुलिस ने आरोपी को जीप में बिठाया, तब भी लोग उसे दोबारा खींचकर मारपीट करने लगे। किसी तरह पुलिस ने उसे भीड़ से निकालकर सिविल लाइन थाना पहुंचाया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक सीएसईबी में कर्मचारी है और घटना के वक्त शराब के नशे में धुत्त था। उसका एक हाथ पहले से फ्रैक्चर था, बावजूद इसके वह तेज रफ्तार से कार दौड़ाता रहा।
इस दर्दनाक हादसे में 74 वर्षीय मोहम्मद इसराइल और 37 वर्षीय छोटेलाल साहनी की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि 21 वर्षीय विशाल समेत तीन अन्य लोग गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।






