देश- विदेश

शादी समारोह से लौट रहे पिता-पुत्र की मौत: अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, एक घायल

मध्य प्रदेश के शहडोल से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इस घटना में पिता पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि कोहरे के चलते यह हादसा हुआ।

यह पूरी घटना बुढ़ार थाना क्षेत्र के केशवाही चौकी की है। जानकारी के मुताबिक, पिता शोभा सिंह अपने बेटों ओंकार सिंह और विवेक सिंह के साथ शादी कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे थे। इस दौरान गिरवा मार्ग के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस घटना में पिता शोभा सिंह और पुत्र ओंकार की मौत हो गई, जबकि 10 वर्षीय पुत्र विवेक सिंह को गंभीर चोट आई है।

बताया गया कि जिले में एक दिन पहले हुई बारिश के बाद कोहरे के चलते विजीबिलिटी कम हो गई थी। जिसके चलते सड़कों पर घना कोहरा छाया था। कोहरे के चलते यहां हादसा हुआ है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया है। वहीं घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button