सक्ती: सड़क हादसे में बच्ची की मौत के बाद बवाल, ग्रामीणों का पुलिस पर हमला, आरक्षक गंभीर

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में सड़क हादसे में 9 साल की बच्ची की मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। विरोध में किया गया चक्काजाम हिंसक झड़प में बदल गया, जहां आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस घटना में एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामला फगुरम चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार 15 अप्रैल को ग्राम फगुरम मेन रोड पर एक क्रेटा कार (CG 11 BD 8433) के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए 9 वर्षीय रिद्धिमा निराला को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण आक्रोशित हो गए और मुआवजे की मांग को लेकर मुख्य सड़क पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। तहसीलदार और अनुविभागीय अधिकारियों ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने।
इसी दौरान स्थिति बेकाबू हो गई और भीड़ ने पुलिस पर हमला कर दिया। पत्थरबाजी और मारपीट में एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।






